जननायक कर्पूरी ठाकुर की सादगी और संघर्ष
बिहार की मिट्टी ने भारतीय राजनीति को कई दिग्गज दिए, लेकिन कुछ नाम ऐसे होते हैं जो सत्ता के शिखर पर पहुँचकर भी आम आदमी बने रहते हैं। कर्पूरी ठाकुर उन्हीं में से एक थे। दुनिया ने उन्हें ‘जननायक’ कहा, लेकिन उनकी असली विरासत न तो महलों में थी, न बैंक बैलेंस में- वह बसी थी। उनके फटे कुर्ते, टूटी चप्पलों और अडिग सिद्धांतों में।
समस्तीपुर का वह लड़का और आज़ादी का सपना
समस्तीपुर के पितौंझिया गाँव (आज का कर्पूरी ग्राम) में एक साधारण नाई परिवार में जन्मे कर्पूरी ठाकुर का बचपन अभावों में बीता।
लेकिन आँखों में एक अलग ही चमक थी- कुछ बदलने की।
1942 का भारत छोड़ो आंदोलन जब पूरे देश में उफान पर था, तब उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और आंदोलन में कूद पड़े। जेल गए, लाठियाँ खाईं, अनशन किया।
जेल की वही कालकोठरी उनके भीतर के साधारण युवक को ‘जननायक’ में ढाल रही थी।
सत्ता के गलियारों में एक ‘फकीर’ का प्रवेश
1952 में जब वे पहली बार विधायक बने, तब शपथ लेने के लिए उनके पास ढंग का कुर्ता तक नहीं था।
वे रफू किया हुआ, पुराना कुर्ता पहनकर विधानसभा पहुँचे—और यही उनकी पहचान बन गई।
1977 में मुख्यमंत्री रहते हुए एक कार्यक्रम में मंच पर बैठे चंद्रशेखर की नज़र उनके फटे कुर्ते पर पड़ी। उन्होंने हँसते हुए माइक पर कह दिया-
“बिहार के मुख्यमंत्री का कुर्ता फटा है, चंदा करके नया कुर्ता दिलवा दो।”
पैसे इकट्ठा हो गए। कर्पूरी जी ने हाथ जोड़कर पैसे लिए और सीधे मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करा दिए। और वे उसी फटे कुर्ते में मुस्कुराते रहे।
‘कर्पूरी फ़ॉर्मूला’: अंतिम व्यक्ति की राजनीति
1978 में कर्पूरी ठाकुर ने वो कर दिखाया जिसकी कल्पना तब मुश्किल थी।
मुंगेरी लाल आयोग की सिफारिशें लागू कर उन्होंने पिछड़ों को पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा (EBC) वर्ग में बाँटा।
महिलाओं और गरीब सवर्णों के लिए भी आरक्षण का रास्ता खोला।
उनका साफ मानना था-
जब तक समाज का सबसे कमजोर व्यक्ति आगे नहीं बढ़ेगा, आज़ादी अधूरी है।
उन्होंने मैट्रिक में अंग्रेज़ी की अनिवार्यता खत्म की। आलोचकों ने इसे ‘कर्पूरी डिवीजन’ कहा, लेकिन गाँव-कस्बों के छात्रों के लिए यह जीवन बदलने वाला फैसला था।

जब भतीजे को नौकरी नहीं, उस्तरा मिला
एक दिन उनका भतीजा नौकरी की सिफारिश लेकर आया।
कर्पूरी जी ने ध्यान से सुना, कागज़ पर कुछ लिखा और दे दिया।
भतीजे ने खोला तो लिखा था “इन्हें उस्तरा खरीदकर दे दो, ताकि यह अपना पुश्तैनी काम सम्मान से कर सकें।” यही थी उनकी राजनीति- न रिश्तेदारी, न सिफारिश।
रिक्शे की सवारी और सत्ता से दूरी
मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद न गाड़ी थी, न बंगला। एक बार पटना की सड़क पर वे रिक्शे से जा रहे थे। एक पुलिस अफसर ने पहचान लिया और जीप में बैठने का आग्रह किया। कर्पूरी जी मुस्कुराए और बोले- “सरकारी गाड़ी जनता के काम के लिए होती है, मेरे लिए नहीं।”
अंतिम विदा: एक सच्चा लोकनायक
17 फरवरी 1988 को जब उनका निधन हुआ, तब उनके पास संपत्ति के नाम पर कुछ भी नहीं था।
यहाँ तक कि गाँव का घर भी कच्चा ही रहा।
उनकी राजनीति ने लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और रामविलास पासवान जैसी पूरी पीढ़ी को गढ़ा।
उनका मंत्र साफ था- हक और हिस्सेदारी।
भारत रत्न: विचार की जीत
मरणोपरांत भारत रत्न मिलना सिर्फ़ सम्मान नहीं था, यह उस सोच की जीत थी जो कहती है—
राजनीति सेवा के लिए होती है, मेवा के लिए नहीं।
कर्पूरी ठाकुर आज भी हर उस पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और नेता के लिए मशाल हैं, जो मानता है कि बदलाव की शुरुआत सादगी से होती है।
